DIG ने चखा मेस का खाना, कालोनी का किया निरीक्षण
डीआईजी राजेश मोडक दिनेश राव ने शुक्रवार को पुलिस लाइंस का निरीक्षण किया। इस दौरान मेस में जाकर खाना भी चखा। पुलिस लाइन की बैरक और कॉलोलियों का भी निरीक्षण किया। पुलिस लाइंस की चोंक हुई नालियों के बारे में जानकारी की। पता चला कि नगर निगम से इसे लेकर कई बार पत्राचार किया जा चुका है। इसे देखते हुए डीआईजी ने एक बार फिर से पत्राचार करने को निर्देशित किया और खुद भी बात करने का आश्वासन दिया। कमियों को दूर करने के लिए एसएसपी डॉ. सुनील कुमार गुप्ता को निर्देशित किया।
खाने से संतुष्ट दिखे डीआईजी, कालोनी की नालिया चोंक होने पर भड़के
नगर निगम को बात कर समाधान निकालने को कहा, एसएसपी भी रहे साथ
जानकारी के मुताबिक डीआईजी का पदभार संभालने के बाद से ही राजेश मोडक दिनेश राव निरीक्षण कर रहे हैं। गुरुवार को उन्होंने कोतवाली थाने का निरीक्षण किया था। शुक्रवार को पुलिस लाइंस पहुंचे। यहां पर बैरकों में जाकर पुलिस वालों के रहन सहन को देखा और कुछ आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस वालों को कोई दिक्कत नहीं होनी चाहिए। इसके बाद वह मेस में जाकर खुद खाना चखें।
मेस के खाने से संतुष्ट होने के बाद उन्होंने सफाई के बारे में जानकारी की। नालियों की गंदगी के बारे में पूछा तो आरआई ने नगर निगम से कई बार पत्राचार होने की बात कही, जिसके बाद से उन्होंने फिर से पत्र लिखने को कहा। उन्होंने आश्वासन दिया कि कोशिश की जाएगी यह सभी समस्याओं का समाधान हो जाए।